National

दो दिवसीय भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक शुरू, इन मुद्दों पर रहेगा फोकस…

नई दिल्ली । भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक सोमवार से दिल्ली में शुरू हुई। इस साल 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले ये अहम बैठक हो रही है। भाजपा का फोकस उन मुद्दों पर होगा, जो जनता की जरूरतों को भी पूरा करे और भावनात्मक रूप से भी जोड़े। मुस्लिम महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा पर अलग से चर्चा होगी।

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर पर हो रही है। बैठक में प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपा महासचिव (संगठन) बीएस संतोष, राजनाथ सिंह, निर्मला सीमारमण, एस जयशंकर समेत भाजपा के दिग्गज नेता मौजूद हैं। इसके अलावा 35 केंद्रीय मंत्री, 12 राज्यों के मुख्यमंत्री और सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के अध्यक्ष भी बैठक में हिस्सा ले रहे हैं।



भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने बताया, राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि हमारे लिए 2023 बहुत महत्वपूर्ण है। हमें इस साल नौ राज्यों में चुनाव लड़ना और जीतना है। उन्होंने कहा, भाजपा प्रमुख ने हाल ही में संपन्न हुए चुनावों पर भी चर्चा की और कहा कि गुजरात की जीत ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। हिमाचल चुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि हम सरकार बदलने की परंपरा को बदलने वाले थे लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कमजोर बूथों की पहचान करने और उन्हें मजबूत करने का आह्वान किया। इसके बाद नड्डा ने बताया कि 72,000 बूथों की पहचान की गई है और पार्टी के कार्यकर्ता 1.32 लाख बूथों पर पहुंच गए हैं।

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल खत्म होने वाला है। ऐसे में चर्चा है कि जेपी नड्डा का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ाया जा सकता है। जिस पर भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में मुहर लग सकती है। बता दें कि अगले साल लोकसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में भाजपा किसी नए अध्यक्ष को लोकसभा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपने के बजाय जेपी नड्डा के कार्यकाल को ही विस्तार दे सकती है। इस साल 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होने हैं।



भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के फोकस में इस साल 9 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव रहेंगे। ऐसे में पार्टी की बैठक में जनता की जरूरतों वाले मुद्दों पर मंथन होगा। साथ ही मुस्लिम महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा पर भी चर्चा हो सकती है। भाजपा की प्रवास योजना और बूथ स्तर की टीमों को मजबूत करने पर पार्टी का फोकस रहेगा। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लोकसभा चुनाव में नेताओं को दी जाने वाली जिम्मेदारियों पर भी चर्चा होगी। कुछ नेताओं को चुनावी राज्यों में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में रोड शो किया। यह रोड शो संसद मार्ग से शुरू होकर एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर पर खत्म हुआ। दिल्ली की सड़कों पर पीएम मोदी के रोड शो के लिए बड़े-बड़े होर्डिंग्स और कट आउट भी लगाए गए थे। 

Related Articles

Back to top button