National

Accident News : तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरी बोलेरो को मारी ठोकर, 6 लोगों की मौत, 7 घायल

गोंदिया, 08 सितंबर। महाराष्ट्र के गोंदिया के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। गोंदिया ग्रामीण पुलिस स्टेशन अंतर्गत ग्राम नागरा के पास एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही मजदूरों से भरी बोलेरो गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही 3 वर्षीय मासूम बालक समेत 6 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की किरनापुर और लांजी तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से मजदूर अपने परिवार सहित मजदूरी के काम के सिलसिले में चारपहिया वाहन बोलेरो (क्रमांक MP-15 T 3495) में सवार होकर तेलंगाना ( हैदराबाद ) के लिए निकले थे। रात करीब 11:30 बजे जैसे ही उनकी गाड़ी गोंदिया शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर नागरा के समीप पहुंची, विपरीत दिशा (बालाघाट से गोंदिया मार्ग) से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रहे ट्रक (क्रमांक MH-35 AJ-2547) ने बोलेरो को सीधी टक्कर मार दी।

हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो पूरी तरह चकनाचूर हो गई थी और कई शव व घायल गाड़ी में बुरी तरह फंस गए थे। सूचना मिलते ही गोंदिया ग्रामीण पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आनन-फानन में घायलों और शवों को निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया। शवों को गैस कटर से निकाला गया।

इस दर्दनाक हादसे के संबंध में घायल राजेंद्र शिवचरण पंधारे (निवासी पिपलगांव खुर्द, किरनापुर , जिला बालाघाट) के बयान के आधार पर गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने ट्रक चालक मोहसिन खान (उम्र 32 वर्ष, निवासी गोंदिया) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 281, 106(1), 125(a), 125(b) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध क्रमांक 527/2026 दर्ज किया है।

Related Articles

Back to top button