चेक मीटर की रीडिंग में गलती, बैकुंठपुर जेई को नोटिस

अंबिकापुर। बैकुंठपुर में स्मार्ट मीटर और चेक मीटर की रीडिंग में अंतर होने की जानकारी सामने आने के बाद छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षण अभियंता से जांच कराई। जांच में स्मार्ट मीटर और चेक मीटर की रीडिंग में किसी प्रकार की विसंगति नहीं पाई गई। जांच में रीडिंग दर्ज करने में कनिष्ठ अभियंता (जेई) की गलती सामने आने पर उन्हें नोटिस जारी किया गया है।
डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के क्षेत्रीय मुख्य अभियंता यशवंत सिलेदार ने बताया कि स्मार्ट मीटर और चेक मीटर दोनों की रीडिंग सही पाई गई है। बैकुंठपुर के जेई द्वारा जारी पत्र पर संज्ञान लेते हुए मामले की जांच अधीक्षण अभियंता, बैकुंठपुर से कराई गई। जांच रिपोर्ट में बताया गया कि बैकुंठपुर निवासी उपभोक्ता भावना गुप्ता ने अपने घर में चेक मीटर लगाने के लिए आवेदन दिया था। इसके बाद 27 जुलाई को उनके घर में चेक मीटर लगाया गया।
चेक मीटर लगाए जाने के समय स्मार्ट मीटर की रीडिंग 5374 यूनिट और चेक मीटर की रीडिंग 2474 यूनिट थी। 7 अगस्त 2026 को स्मार्ट मीटर की रीडिंग बढ़कर 5676 यूनिट तथा चेक मीटर की रीडिंग 2777 यूनिट दर्ज हुई। इस तरह 10 दिनों की अवधि में स्मार्ट मीटर में 302 यूनिट और चेक मीटर में 303 यूनिट की खपत दर्ज हुई।
रीडिंग के दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई थी। जांच में पाया गया कि चेक मीटर की रीडिंग दर्ज करते समय त्रुटि हुई थी। चेक मीटर में खपत दर्ज करने से पहले पुश बटन दबाकर अधिकतम मांग, बिलिंग माह का चक्र पूरा होने पर दर्ज खपत तथा रीडिंग की तिथि की खपत देखी जाती है।
जांच के अनुसार, 7 अगस्त की रीडिंग दर्ज किए जाने के स्थान पर कनिष्ठ अभियंता द्वारा 31 जुलाई की रीडिंग दर्ज कर दी गई। इस वजह से रीडिंग का सही आकलन नहीं हो सका। रीडिंग लेने में हुई इस त्रुटि के लिए जेई को नोटिस जारी किया गया है।
जांच रिपोर्ट में भौतिक मीटर रीडिंग, दोनों मीटरों द्वारा दर्ज खपत और वीडियो रिकॉर्डिंग के परीक्षण के आधार पर कहा गया है कि स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली में किसी प्रकार की विसंगति स्थापित नहीं होती। दोनों मीटरों द्वारा दर्ज खपत में एक यूनिट का अंतर निर्धारित सीमा के भीतर है और इससे मीटर रीडिंग में किसी प्रकार की असामान्यता का संकेत नहीं मिलता।
डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने स्पष्ट किया है कि स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली में कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई है। रीडिंग दर्ज करने में हुई त्रुटि के लिए संबंधित कनिष्ठ अभियंता को नोटिस जारी किया गया है।




