Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा में जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर लेने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, करीब 9 लाख की धोखाधड़ी

जांजगीर-चांपा, 08 सितम्बर (वेदांत समाचार)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर लेने और बाद में उन्हें दूसरे व्यक्ति को बेचकर धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने दो ट्रैक्टर और ट्रॉलियां किराये पर लेने के नाम पर अपने कब्जे में लेकर उन्हें बिलासपुर जिले के एक व्यक्ति को करीब 2 लाख रुपये में बेच दिया। इस मामले में पीड़ित को करीब 9 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, खिसोरा निवासी विमलेश कुमार अहिर ने थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 जुलाई 2026 को सन्नी लाल पाटले और राहुल कुमार खाण्डे उसके घर पहुंचे थे। दोनों ने खुद को जियो कंपनी का सुपरवाइजर बताते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर लेने की बात कही। आरोपियों ने प्रत्येक ट्रैक्टर का 30 हजार रुपये किराया देने का भरोसा दिलाया और इसी झांसे में दोनों ट्रैक्टर एवं ट्रॉलियां अपने साथ ले गए।

इसके बाद आरोपियों ने दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को बिलासपुर जिले के एक व्यक्ति के पास करीब 2 लाख रुपये में बेच दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बिक्री से मिली रकम में से करीब 50 हजार रुपये खर्च कर दिए। इस तरह किराये पर लेने के बहाने ट्रैक्टर-ट्रॉलियां हड़पकर पीड़ित के साथ करीब 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।

शिकायत के आधार पर थाना बलौदा पुलिस ने अपराध क्रमांक 407/2026 दर्ज किया। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क तथा एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम आरोपियों की लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी अपने-अपने घर पर मौजूद हैं।

सूचना के आधार पर बलौदा पुलिस ने दोनों आरोपियों के ठिकानों पर घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जियो कंपनी का सुपरवाइजर बनकर ट्रैक्टर-ट्रॉली किराये पर लेने और बाद में उन्हें दूसरे व्यक्ति को बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 8 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश अभी जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सन्नी लाल पाटले (35 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03 बम्हनीन, थाना अकलतरा और राहुल कुमार खाण्डे (24 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 05 खम्हरिया के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक रामदुलार साहू, सहायक उपनिरीक्षक कौशल सिदार, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार, महिला प्रधान आरक्षक रामकुमारी मार्को, आरक्षक रज्जू रात्रे, संदीप सोनंत, जयराम बिझवार और संतोष रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button