Chhattisgarh

Dhamtari Crime : चाकू लहराकर राहगीरों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार, सिहावा पुलिस ने मौके से दबोचा

धमतरी, 29 सितम्बर। जिले में असामाजिक तत्वों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सिहावा पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार चाकू भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, थाना सिहावा क्षेत्र के ग्राम खडपधरा के स्कूल पारा के पास मुख्य मार्ग पर एक व्यक्ति धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहा था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद सउनि श्यामकुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नग लोहे का धारदार चाकू विधिवत जब्त किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेम कुमार निषाद, पिता इतवारी निषाद, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम खडपधरा, थाना सिहावा, जिला धमतरी के रूप में हुई है।

मामले में थाना सिहावा में अपराध क्रमांक 76/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

धमतरी पुलिस ने बताया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए असामाजिक तत्वों, गुंडे-बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों या अवैध हथियार रखने वाले लोगों की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को देने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button