Chhattisgarh

JSW प्लांट के स्क्रेप एरिया से लोहे की प्लेट चोरी, 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार; ₹10 हजार का माल बरामद

जांजगीर-चांपा, 29 सितम्बर। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के नरियरा स्थित JSW प्लांट के CHP स्क्रेप एरिया से लोहे की प्लेट और अन्य स्क्रेप सामग्री चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब ₹10 हजार कीमत की लोहे की प्लेट बरामद की है। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, JSW प्लांट के CHP स्क्रेप एरिया में रखे लोहे के कॉलम स्पेश प्लेट, गैसेंट प्लेट, स्क्रेप्ड मटेरियल और एलईडी लाइट सहित करीब ₹85 हजार की सामग्री चोरी होने की शिकायत प्रार्थी अश्वनी कुमार बंजारे ने मुलमुला थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 398/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान 29 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भैसो निवासी प्रियांशु साहू चोरी का सामान बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में बनाहिल की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बनाहिल चौक पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी प्रियांशु साहू ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी उमेश जायसवाल के साथ मिलकर नरियरा स्थित JSW प्लांट के CHP स्क्रेप एरिया से लोहे की प्लेट चोरी की थी। आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने अमर तालाब के पास छिपाकर रखी गई एक लोहे की प्लेट बरामद की, जिसकी कीमत करीब ₹10 हजार बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी प्रियांशु साहू, पिता महेन्द्र पाल साहू, उम्र 21 वर्ष, निवासी भैसो वार्ड क्रमांक 11, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा को 29 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई में निरीक्षक शिवानंद सिंह, थाना प्रभारी मुलमुला सहित थाना स्टाफ की भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button