Chhattisgarh

रायगढ़ में गौवंश तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप से 13 मवेशी मुक्त; 11.04 लाख की संपत्ति जब्त

रायगढ़। जिले में गौवंश की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत लैलूंगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से तस्करी कर ले जाए जा रहे 13 गौवंशों को मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन समेत कुल 11 लाख 4 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग के पिकअप वाहन में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर झारखंड और ओडिशा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम कुंजारा मेन रोड पर नाकेबंदी की।

दोपहर करीब 12:30 बजे घरघोड़ा की ओर से आ रहे सफेद रंग के पिकअप वाहन क्रमांक T 0826 JH 4846 को रोककर पुलिस ने तलाशी ली। वाहन के अंदर 13 गौवंश बंधे हुए और क्रूरतापूर्वक भरे मिले। इनमें 4 गाय, 8 बछिया और 1 बछुवा शामिल थे।

वाहन चालक इमरान खान (29), पिता मुस्तकीम खान, निवासी केराडिह, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर से पुलिस ने मवेशियों के परिवहन से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपी ने मवेशियों को झारखंड और ओडिशा की ओर बूचड़खाने ले जाने की बात बताई।

पुलिस ने सभी 13 गौवंशों को वाहन से सुरक्षित बाहर निकालकर मुक्त कराया। जब्त गौवंशों की अनुमानित कीमत 1 लाख 4 हजार रुपये और पिकअप वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल 11 लाख 4 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

लैलूंगा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 305/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 और 11 में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने तस्करी से मुक्त कराए गए सभी गौवंशों को ग्राम झरन स्थित गौशाला में चारा-पानी की व्यवस्था के साथ सुरक्षित रखवाया है।

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव, प्रधान आरक्षक नंद कुमार पैंकरा, आरक्षक इलियाजर टोप्पो और आरक्षक राजू कुमार तिग्गा शामिल रहे।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौवंश की अवैध तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन करने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की बात कही।

Related Articles

Back to top button