Chhattisgarh

रायगढ़ में महिला से चेन स्नेचिंग, बाइक सवार दो युवकों ने झपटा 10 ग्राम का मंगलसूत्र; CCTV में कैद हुई वारदात

रायगढ़, 29 सितम्बर । रायगढ़ में मंगलवार शाम चेन स्नेचिंग की घटना से हड़कंप मच गया। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के केलो विहार स्थित शिव मंदिर मार्ग पर बाइक सवार दो युवकों ने पैदल जा रही महिला के गले से करीब 10 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। घटना के बाद आरोपी तहसील कार्यालय रायगढ़ की ओर फरार हो गए। पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार छोटे अतरमुड़ा निवासी गीता पटेल मंगलवार शाम करीब 5:20 बजे अपनी परिचित महिला के साथ चन्द्रनगर कॉलोनी से पैदल चक्रधरनगर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपटा और दोनों मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरनगर थाना पुलिस, साइबर टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए। CCTV फुटेज में संदिग्ध आरोपियों की तस्वीरें सामने आई हैं, जिन्हें विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा कर पहचान की कोशिश की जा रही है।

पुलिस टीम मुखबिरों के जरिए भी आरोपियों की जानकारी जुटा रही है। शहर के प्रमुख मार्गों पर नाकेबंदी कर बाइक सवार संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि आरोपियों या घटना से संबंधित कोई जानकारी मिले तो चक्रधरनगर थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर 9479193210 या पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़ के नंबर 9479193299 पर सूचना दें।

Related Articles

Back to top button