Chhattisgarh

CG BREAK: बस स्टैंड चाकूबाजी मामले में फरार आरोपी फहीम अख्तर गिरफ्तार, हत्या के प्रयास में भेजा गया जेल

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में खरसिया बस स्टैंड के पास युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी फहीम अख्तर को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बच रहा था। पुलिस ने उसे खरसिया में घेराबंदी कर पकड़ा और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले का दूसरा आरोपी फैज खान अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 3 बजे नया बस स्टैंड खरसिया के पास हुई थी। यहां ईशान पेशवानी और फैज खान व फहीम अख्तर के बीच गाली-गलौज और विवाद हो रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर ईशान का परिचित अजय राजपूत (25 वर्ष) मौके पर पहुंचा और विवाद शांत कराने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर दोनों आरोपियों ने अजय के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी।

अजय अपनी जान बचाकर भागने लगा तो आरोपियों ने उसका पीछा किया। फहीम अख्तर ने उसे पकड़ लिया, जबकि फैज खान ने धारदार चाकू से उस पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अजय को उपचार के लिए खरसिया के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर किया गया।

मामले में ममता ठाकुर की रिपोर्ट पर खरसिया पुलिस ने अपराध क्रमांक 569/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से ही पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस की लगातार दबिश के कारण आरोपी अपना ठिकाना बदल रहे थे।

इसी बीच पुलिस को फहीम अख्तर के खरसिया पहुंचने की सूचना मिली। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने फैज खान के साथ मिलकर अजय राजपूत से मारपीट करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि घटना के बाद दोनों बिलासपुर से नागपुर चले गए थे। वहां से रायगढ़ लौटने के बाद वह छिपते हुए खरसिया स्थित अपने घर जाने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान फहीम अख्तर (23 वर्ष), पिता शकील अख्तर, निवासी हनुमान चौक खरसिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। दूसरे आरोपी फैज खान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तलाश जारी है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक मनोज पटेल, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक साविल चंद्रा और आरक्षक सिदार सिंह की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button