BIG NEWS: नोटिस देने गई पुलिस टीम पर हमला, दारोगा और हेड कांस्टेबल की वर्दी फाड़ी, जीप पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के ईसेपुर गांव में न्यायालय का नोटिस तामील कराने पहुंची पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट और अभद्रता करते हुए दारोगा और हेड कांस्टेबल की वर्दी फाड़ दी। इतना ही नहीं, आरोपितों को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ाने के लिए पुलिस जीप पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास भी किया गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात बराल पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मवीर सिंह पुलिस टीम के साथ एक मुकदमे के सिलसिले में ईसेपुर गांव पहुंचे थे। पुलिस टीम को घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही संबंधित आरोपित के घर पर न्यायालय द्वारा जारी नोटिस तामील कराना था।
बताया गया कि पुलिस टीम जब सूबे नामक व्यक्ति के मकान पर पहुंची और उसे बुलाया तो वह घर से बाहर आया। इसी दौरान उसका पुत्र राहुल और कृष्णपाल का पुत्र आकाश भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते अन्य लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।
दारोगा और हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट, वर्दी फाड़ी
पुलिस की शिकायत के मुताबिक, आरोपित पक्ष के लोगों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान चौकी प्रभारी धर्मवीर सिंह और हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस टीम के सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए आरोपितों ने कार्रवाई का विरोध किया।
पुलिस जीप पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास
घटना के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस की गिरफ्त से आरोपितों को छुड़ाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके लिए पुलिस की जीप पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की गई। इससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी खतरा पैदा हो गया।
छह नामजद और 10 से 12 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज
मामले में बराल पुलिस चौकी प्रभारी धर्मवीर सिंह की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद आरोपितों और 10 से 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब नामजद आरोपितों के साथ ही घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालना, पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करना और सरकारी वाहन पर हमला करने का प्रयास गंभीर अपराध है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





