Madhya Pradesh

तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत, जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित; परिजनों को मिलेगी 25-25 हजार की सहायता

शहडोल । मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में दीपावली पर्व के दौरान तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। वहीं, मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

यह दुखद घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में चौपाटी के पीछे झूला पुल के पास स्थित तालाब में हुई थी। तालाब में डूबने से तीन बच्चों की जान चली गई थी। घटना के बाद परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को भी प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।

एसडीएम सोहागपुर अमृता गर्ग के अनुसार, कलेक्टर के निर्देशन में गठित जांच समिति में अपर कलेक्टर शहडोल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहडोल और जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन को शामिल किया गया है। समिति घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बिंदुवार जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम अमृता गर्ग ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखते हुए सिविल सर्जन को भी जांच समिति में शामिल किया गया है। फिलहाल जांच पूरी होने तक घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी देना संभव नहीं है।

प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए 25-25 हजार रुपये की सहायता राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि मामले की निष्पक्षता और गंभीरता से जांच कराई जा रही है।

Related Articles

Back to top button