Chhattisgarh

CG में भीषण सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रक में लगाई आग

मनेंद्रगढ़, 10 नवंबर 2026 । छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कठौतिया के पास ट्रक और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मनेंद्रगढ़ के वार्ड क्रमांक 16 के निवासी थे। मंगलवार सुबह दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान कठौतिया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक धू-धूकर जलने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ट्रक में आग लगाने के मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

वहीं, फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रक आग की लपटों से घिरा नजर आ रहा है और आसपास से वाहन गुजरते दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button