छत्तीसगढ़ में सराफा व्यापारी से 2 करोड़ की लूट, बंदूक की नोक पर जेवरों से भरा बैग लेकर फरार हुए बदमाश

जगदलपुर, 10 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में लूट की एक बड़ी वारदात सामने आई है। दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर नेशनल हाईवे-63 में सोमवार शाम अज्ञात बदमाशों ने एक सराफा व्यापारी को निशाना बनाते हुए 2 करोड़ रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। बदमाशों ने लिफ्ट मांगने के बहाने व्यापारी की गाड़ी रुकवाई और बंदूक व चाकू की नोक पर वारदात को अंजाम दिया। घटना नेलसनार थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, सराफा कारोबारी स्वरूप सोनी बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में अपनी दुकान बंद करने के बाद एक अन्य व्यापारी के साथ बुकिंग पर ली गई निजी गाड़ी से गीदम स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नेलसनार थाना क्षेत्र के जंगल में दो अज्ञात बदमाशों ने सड़क पर हाथ दिखाकर गाड़ी रुकवाई। लिफ्ट मांगने के बहाने दोनों गाड़ी में सवार हो गए। कुछ दूर आगे जाने के बाद बदमाशों ने व्यापारी और ड्राइवर की कनपटी पर बंदूक तान दी। साथ ही चाकू की नोक पर धमकाकर आभूषणों से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए।
बैग में 1300 ग्राम सोना और 15 किलो से अधिक चांदी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लूटे गए बैग में करीब 1300 ग्राम सोने के आभूषण थे, जिनकी कीमत 1 करोड़ 80 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इसके अलावा 15 किलो से ज्यादा चांदी के आभूषण भी बैग में रखे थे, जिनकी अनुमानित कीमत 25 से 28 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह कुल लूट की रकम 2 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है। हालांकि, आभूषणों की वास्तविक मात्रा और कीमत का सत्यापन होना बाकी है।
कुछ दूरी पर फेंके मोबाइल फोन
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश व्यापारी और ड्राइवर के मोबाइल फोन कुछ दूरी पर फेंककर फरार हो गए। घटना के बाद व्यापारी किसी तरह पुलिस थाने पहुंचे और पूरी जानकारी दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्तों का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्र में सुराग खंगाले जा रहे हैं।
नेलसनार TI विवेकानंद पटेल के अनुसार, फिलहाल लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों की वास्तविक मात्रा स्पष्ट नहीं है। व्यापारी हिसाब करने के बाद जानकारी देने की बात कह रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दो दिन पहले जगदलपुर में 1.74 करोड़ की चोरी
गौरतलब है कि दो दिन पहले धनतेरस की रात जगदलपुर के संजय मार्केट स्थित एक सराफा दुकान में भी बड़ी चोरी हुई थी। ग्राहक बनकर पहुंची महिलाओं और बच्चों ने कथित तौर पर करीब 1200 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 1 करोड़ 74 लाख रुपये बताई गई थी। लगातार सामने आ रही इन वारदातों से सराफा कारोबारियों में चिंता का माहौल है।





