BREAKING NEWS : मोबाइल यूजर्स के लिए बड़ी खबर, 28 नहीं अब पूरे 30 दिन चलेगा प्लान, केवल वॉइस और SMS वाले रिचार्ज पैक भी होंगे उपलब्ध

भारत के करोड़ों प्रीपेड मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए एक बेहद शानदार खबर सामने आई है। अब आपको हर 28 दिन में अपना फोन रिचार्ज कराने की झंझट से मुक्ति मिलने वाली है। केंद्र सरकार ने ‘टेलीकॉम उपभोक्ता संरक्षण (13वां संशोधन) रेगुलेशन, 2026’ लागू कर दिया है। इस नए नियम के तहत टेलीकॉम कंपनियों को अब पूरे 30 दिनों की वैलिडिटी वाले प्लान पेश करने होंगे।
बीजेपी सांसद राघव चड्ढा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट शेयर करते हुए इस फैसले की जानकारी दी और खुशी जाहिर की। गौरतलब है कि उन्होंने 11 मार्च को संसद में टेलीकॉम कंपनियों के ’28 दिन वाले गणित’ का मुद्दा जोर-शोर से उठाया था। अपनी पोस्ट में सांसद चड्ढा ने भारत सरकार और भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राहकों के सीमित विकल्पों को लेकर लोगों ने अपनी चिंताएं उनके साथ साझा की थीं। अब इन नए नियमों के लागू होने से उपभोक्ताओं को ज्यादा विकल्प और किफायती रिचार्ज प्लान्स मिल सकेंगे।
13 की जगह अब होंगे 12 रिचार्ज राघव चड्ढा ने पोस्ट में बताया कि अब ग्राहकों को एक साल में 13 बार के बजाय सिर्फ 12 बार रिचार्ज कराना होगा। इसके अलावा डेटा की जरूरत नहीं रखने वाले लोगों के लिए वॉइस और एसएमएस वाले प्लान के विकल्प भी उपलब्ध होंगे। गौरतलब है कि 28 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान्स की वजह से कंपनियां साल में एक महीने का अतिरिक्त पैसा वसूल लेती थीं। 30 दिन के साइकिल से आम आदमी की जेब पर पड़ने वाला अनावश्यक बोझ काफी हद तक कम हो जाएगा।
सिर्फ कॉलिंग वालों के लिए सस्ते प्लान नए नियमों को लागू करते हुए सरकार और ट्राई (TRAI) ने कम रिचार्ज कराने वाले उन यूजर्स का भी खास ख्याल रखा है, जिन्हें इंटरनेट से ज्यादा मतलब नहीं होता और वे सिर्फ बेसिक कॉलिंग का इस्तेमाल करते हैं। अब एयरटेल, जियो, वोडाफोन और बीएसएनएल जैसी टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे सस्ते वॉइस और एसएमएस प्लान्स भी उपलब्ध करने होंगे, जिनमें महंगे इंटरनेट डेटा का कोई चार्ज नहीं जुड़ा होगा। इससे उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जो कम खर्च में मोबाइल सेवाओं का लाभ लेना चाहते हैं।हालांकि, नए वॉयस/SMS-only प्लान के व्यापक रूप से उपलब्ध होने की समयसीमा अलग है—TRAI के अनुसार कुछ नए प्रावधान अक्टूबर 2026 से प्रभावी होंगे।




