Chhattisgarh

भाद्रपद पूर्णिमा पर मां सर्वमंगला घाट पर हुई भव्य हसदेव आरती, दीपों से जगमगाया हसदेव तट, श्रद्धालुओं ने लिया नदी संरक्षण का संकल्प

कोरबा, 27 सितम्बर। भाद्रपद पूर्णिमा के पावन अवसर पर नमामि हसदेव सेवा समिति के तत्वावधान में शनिवार को मां सर्वमंगला मंदिर घाट पर भव्य हसदेव आरती का आयोजन किया गया। शाम 5 बजे शुरू हुए इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। हसदेव नदी के तट पर वैदिक मंत्रोच्चार और दीपों की रोशनी के बीच हुई आरती से पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने हसदेव नदी की पूजा-अर्चना कर उसके संरक्षण और स्वच्छता का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति, कोरबा के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने मुख्य यजमान के रूप में भाग लिया। वहीं छत्तीसगढ़ पेंशनधारी कल्याण संघ के तहसील अध्यक्ष नागेश गौराहा, जिला न्यायालय के ग्रंथालय सचिव एवं अधिवक्ता क्रान्ति श्रीवास, संगीतकार बसंत वैष्णव तथा भारतीय जीवन बीमा निगम कोरबा-1 के मुख्य जीवन बीमा सलाहकार अनूप मिश्रा विशिष्ट यजमान के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने संयुक्त रूप से हसदेव नदी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

आरती के दौरान नमामि हसदेव सेवा समिति के सदस्यों ने नदी संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया। समिति लंबे समय से हसदेव नदी, उसकी सहायक नदियों और प्राकृतिक जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए जागरूकता अभियान चला रही है। समिति की ओर से लोगों से नदी में कचरा और पॉलीथिन नहीं डालने तथा जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई। आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समिति ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button