एक फोन कॉल, फिर खामोशी… PG में 20 वर्षीय तनीषा की मौत से मचा हड़कंप, मां ने लगाए गंभीर आरोप

गुरुग्राम के सेक्टर-38 स्थित इस्लामपुर गांव में एक पीजी (Paying Guest) में 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के एटा जिले के जलालपुर गांव निवासी तनीषा के रूप में हुई है। तनीषा अपने परिचित चेतन शर्मा के साथ लिव-इन में रह रही थी। युवती की मौत के बाद उसकी मां ने चेतन पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
घटना शनिवार की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक तनीषा का लिव-इन पार्टनर चेतन उस समय ड्यूटी पर गया हुआ था। इसी दौरान तनीषा ने उसे फोन किया, लेकिन चेतन कॉल रिसीव नहीं कर सका। कुछ समय बाद उसने तनीषा को वापस फोन किया, मगर इस बार फोन का कोई जवाब नहीं मिला। कई बार संपर्क की कोशिश के बावजूद जब बात नहीं हुई तो चेतन ने पड़ोस में रहने वाले अनुज को कमरे पर जाकर देखने के लिए कहा।
अनुज जब पीजी पहुंचा तो कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। दरवाजा नहीं खुलने पर उसने खिड़की से अंदर झांका। वहां तनीषा की हालत देखकर उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को बाहर निकालकर जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही तनीषा के परिजन भी गुरुग्राम पहुंचे। उसकी बहन ने बताया कि घटना से एक रात पहले ही उसकी तनीषा से फोन पर बातचीत हुई थी। उस समय तनीषा सामान्य थी और बातचीत के दौरान ऐसा कोई संकेत नहीं मिला था कि उसके साथ किसी तरह की अनहोनी हो सकती है।
वहीं, तनीषा की मां ने उसके लिव-इन पार्टनर चेतन पर ही हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ-साथ पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। पुलिस की जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि तनीषा की मौत किन परिस्थितियों में हुई।




