रायपुर में ऑटो से टक्कर के बाद चाकू से हमला, विरोध करने पर युवक को पीटा; 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 11 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र में ऑटो से टक्कर मारने के बाद विरोध करने पर एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों और चार विधि से संघर्षरत बालकों सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, श्रीराम नगर चंगोराभाठा निवासी सतीश यादव ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 नवंबर 2026 की रात करीब 11:50 बजे वह श्रीराम नगर, चंगोराभाठा रोड पर खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से इलेक्ट्रिक ऑटो चला रहे चालक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। ऑटो में झंडा चौक निवासी मयंक ठाकुर और उसके अन्य साथी सवार थे।
सतीश ने जब ऑटो चालक को वाहन देखकर चलाने की बात कही, तो ऑटो में सवार सभी लोग नीचे उतर गए और उसके साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित की शिकायत पर डीडी नगर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 704/26 के तहत बीएनएस की धारा 296, 109(1), 190, 191(2), 191(3) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने पहचान और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाकर अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इसके बाद मुख्य आरोपी मयंक ठाकुर, लक्ष्य निर्मलकर उर्फ आदि और चार विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक चाकू और इलेक्ट्रिक ऑटो क्रमांक CG 04 QK 7490 जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मयंक ठाकुर पूर्व में भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत जेल जा चुका है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल:
- मयंक ठाकुर (19 वर्ष), निवासी झंडा चौक, चंगोराभाठा, रायपुर।
- लक्ष्य निर्मलकर उर्फ आदि (18 वर्ष 6 माह), निवासी झंडा चौक, चंगोराभाठा, रायपुर।
- चार विधि से संघर्षरत बालक।





