Chhattisgarh

13 साल की नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया, गैंगरेप से पुलिस का इनकार

दुर्ग-भिलाई, 11 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 13 साल की नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र की है, जहां गोवर्धन पूजा के बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान गांव के ही तीन युवक नाबालिग को अपने साथ ले गए। आरोप है कि इनमें से एक युवक ने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर तीनों युवकों को हिरासत में लिया है। वहीं, पुलिस ने गैंगरेप की घटना होने से इनकार किया है।

जानकारी के मुताबिक, गांव में गोवर्धन पूजा के अवसर पर रिकॉर्डिंग डांस कार्यक्रम आयोजित किया गया था। देर रात कार्यक्रम के दौरान तीन युवक नाबालिग बच्ची को अपने साथ ले गए। इसके बाद एक युवक द्वारा उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि घटना के बाद तीनों युवक गांव से चले गए थे। इनमें से एक आरोपी अपने रिश्तेदार के घर जाकर सो गया था, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पुलिस ने अन्य युवकों को भी पकड़ लिया है। मामले में तीनों के परिजनों को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है।

फिलहाल पुलिस नाबालिग का बयान दर्ज कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि बच्ची को अपने साथ ले जाने वाले अन्य दो युवकों की घटना में क्या भूमिका थी और क्या उन्होंने भी उसके साथ कोई गलत कृत्य किया है। पुलिस का कहना है कि नाबालिग के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गैंगरेप नहीं, एक युवक पर दुष्कर्म का आरोप

एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि यह गैंगरेप का मामला नहीं है। नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का आरोप एक ही युवक पर है। उसके साथ गए दोनों अन्य युवकों को भी आरोपी बनाया जाएगा। उनके खिलाफ अपहरण और अन्य सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जा सकती है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO) सहित अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल तीनों युवक पुलिस हिरासत में हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button