‘दीदी के गोठ’ का 16वां एपिसोड 12 नवंबर को होगा प्रसारित, सोलर दीदियां साझा करेंगी अपनी सफलता की कहानी

रायपुर, 11 नवंबर 2026 । छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ का 16वां एपिसोड 12 नवंबर 2026, गुरुवार को प्रसारित होगा। इस बार कार्यक्रम का विषय ‘सोलर दीदी’ रखा गया है। इसमें ग्रामीण महिलाएं सौर ऊर्जा से जुड़ी अपनी पहल, अनुभव और सफलता की कहानियां श्रोताओं के साथ साझा करेंगी।
‘दीदियों की कहानी, उन्हीं की जुबानी’ की थीम पर आधारित यह मासिक रेडियो कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं के अनुभवों और उनके कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने का माध्यम है। कार्यक्रम का प्रसारण हर महीने के दूसरे गुरुवार को किया जाता है।
इस बार के एपिसोड में सोलर दीदियां बताएंगी कि किस तरह उन्होंने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अपनी भूमिका निभाई और इस पहल से उनके जीवन एवं कार्यों में क्या बदलाव आए हैं।
कार्यक्रम का प्रसारण दोपहर 2 बजे हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में आकाशवाणी के छत्तीसगढ़ स्थित सभी केंद्रों से किया जाएगा। वहीं, दोपहर 2:30 बजे बस्तरिया और सरगुजिया भाषा में आकाशवाणी जगदलपुर एवं सरगुजा केंद्र से भी इसे सुना जा सकेगा।
श्रोता टोल-फ्री नंबर पर पूछ सकेंगे सवाल
‘दीदी के गोठ’ कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने या अपने सवाल पूछने के लिए श्रोता दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच टोल-फ्री नंबर 1800-233-2398 पर संपर्क कर सकते हैं।





