कोरबा में नाबालिग से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत का आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो समेत कई मामलों में था फरार; जिला बदर करने की तैयारी

कोरबा, 11 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नाबालिग लड़की से अश्लील हरकत और छेड़छाड़ के मामले में फरार आरोपी को बालकोनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान साहिद खान उर्फ शाहिद हुसैन (23 वर्ष), निवासी बेलगढी नाला बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी के खिलाफ एक साल के भीतर कई आपराधिक मामले दर्ज होने के चलते पुलिस अब उसे जिला बदर करने की तैयारी कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 13 तारीख को बालकोनगर थाना क्षेत्र की बेलगरी बस्ती में आरोपी ने एक नाबालिग लड़की के साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ की थी। पीड़िता के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि आरोपी ने लड़की को गलत काम करने के लिए पैसों का लालच भी दिया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया था।
वहीं, घटना का विरोध करने पर आरोपी ने मोहल्ले के 4 से 5 लोगों के साथ मारपीट भी की थी। इस मामले में पुलिस ने अलग से अपराध दर्ज किया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
दो दिन पहले मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बालको TI युवराज तिवारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पिछले एक साल के भीतर कई आपराधिक मामले दर्ज हुए हैं। वह मोहल्ले के लोगों को परेशान करता था, जिसको लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार शिकायत भी की थी। आरोपी के खिलाफ पहले भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ।
पुलिस ने आरोपी का नाम गुंडा-बदमाश सूची में शामिल कर लिया है। इसके साथ ही उसे जिला बदर करने के लिए प्रस्ताव भेजने की तैयारी की जा रही है।





