Chhattisgarh

छठ पूजा को लेकर कोरबा के घाटों में साफ-सफाई शुरू, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को देंगे अर्घ्य

कोरबा,11 नवंबर 2026। सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर कोरबा में श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ने लगा है। चार दिवसीय इस महापर्व की तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर के नदी, तालाबों और छठ घाटों में साफ-सफाई का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। श्रद्धालु घाटों की सफाई में जुटे हुए हैं। वहीं, छठ गीतों से घर-आंगन गूंजने लगे हैं और बाजारों में भी पर्व को लेकर चहल-पहल दिखाई देने लगी है। लोक आस्था के इस महापर्व को लेकर पूर्वांचल समाज के साथ अन्य समाजों के लोगों में भी विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। इस दिन व्रती पवित्र स्नान कर सात्विक भोजन ग्रहण करेंगे। 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को पूजा-अर्चना करेंगे और पारंपरिक प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद 15 नवंबर को व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर शाम के समय अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं, 16 नवंबर को उदयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

छठ पूजा को लेकर शहर के सर्वमंगलाघाट, अयप्पा मंदिर परिसर, मानिकपुर पोखरी, मुड़ापार तालाब, तुलसी नगर नहरघाट सहित विभिन्न घाटों पर साफ-सफाई का कार्य शुरू हो चुका है। इसके अलावा बालको, जमनीपाली, दर्री, दीपका, हरदीबाजार, बांकीमोंगरा और कुसमुंडा क्षेत्रों में भी छठ पूजा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालु घाटों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में जुटे हुए हैं, ताकि पूजा के दौरान व्रतियों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

धार्मिक मान्यता के अनुसार छठी मइया सूर्यदेव की बहन हैं। उनकी उपासना करने से परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। छठ पर्व में भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठी मइया की पूजा की जाती है। इस दौरान महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना करते हुए कठिन निर्जला व्रत रखती हैं। कोसी भरने और पारंपरिक विधि-विधान से पूजा करने की भी विशेष परंपरा है। यही वजह है कि इस पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह रहता है।

छठ पूजा के अवसर पर बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने बिलासपुर-छपरा-बिलासपुर के बीच पूजा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 08255 बिलासपुर-छपरा पूजा स्पेशल 14 और 21 नवंबर को बिलासपुर से रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 08256 छपरा-बिलासपुर पूजा स्पेशल 15 और 22 नवंबर को छपरा से चलेगी। बिलासपुर से यह ट्रेन शाम 6 बजे रवाना होकर पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल और उमरिया होते हुए अगले दिन दोपहर 2.40 बजे छपरा पहुंचेगी।

वापसी में छपरा-बिलासपुर पूजा स्पेशल शाम 5.25 बजे छपरा से रवाना होगी और निर्धारित समय पर उमरिया, शहडोल, अनूपपुर तथा पेंड्रारोड होते हुए दोपहर 3 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। रास्ते में ट्रेन का कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, वाराणसी, जौनपुर, औड़िहार, गाजीपुर सिटी और बलिया सहित निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। छठ पूजा के दौरान इस विशेष ट्रेन के संचालन से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

Related Articles

Back to top button