बिलासपुर में दिनदहाड़े हत्या से सनसनी: शराब दुकान के सामने पूर्व जनपद सदस्य के पति की चाकू से गला रेतकर हत्या, रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी पर भी हमला

बिलासपुर, 11 अगस्त 2026। बिलासपुर में दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। तोरवा थाना क्षेत्र में सोमवार को शराब दुकान के सामने हुए विवाद के बाद दो युवकों ने भाजपा समर्थित पूर्व जनपद सदस्य के पति बबला साहू उर्फ शिवनंदन साहू की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शराब दुकान में तोड़फोड़ की और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
मृतक बबला साहू देवरी खुर्द निवासी थे और ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी पत्नी गीता साहू पूर्व जनपद सदस्य रह चुकी हैं और भाजपा समर्थित बताई जा रही हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बबला साहू का तोरवा स्थित शराब दुकान के सामने दो युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों युवकों ने बबला साहू पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपियों ने उनके गले पर वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दिनदहाड़े हुई हत्या की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आरोपी कुछ देर तक मौके पर हंगामा करते रहे। इसके बाद उन्होंने शराब दुकान में तोड़फोड़ की और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद शराब दुकान को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा। सूचना मिलने पर तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी।
पुलिस हत्या की वजह और आरोपियों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वारदात से पहले और घटना के बाद आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को सक्रिय किया है।
इसी बीच तोरवा क्षेत्र के बूटापारा निवासी 65 वर्षीय रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी कन्हैया लाल पर देवरीखुर्द के एनीकट के पास बाइक सवार युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उनके गले पर चाकू से वार किया। गंभीर रूप से घायल कन्हैया लाल को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस को आशंका है कि कन्हैया लाल पर हमला करने वाले युवक वही हो सकते हैं, जिन्होंने बबला साहू की हत्या की है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसी दौरान एक बच्चे पर भी चाकू से हमले की जानकारी सामने आई है, लेकिन पुलिस स्तर पर इसकी भी पुष्टि होना बाकी है।
एक ही इलाके में हत्या और चाकूबाजी की लगातार सामने आई घटनाओं के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस सभी घटनाओं के बीच संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह, विवाद की शुरुआत और अन्य वारदातों में उनकी भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल तोरवा पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल, प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।




