Chhattisgarh

बालोद में हाईवोल्टेज रेस्क्यू: 6 घंटे तक कुएं में पाइप पकड़कर लटका रहा तेंदुआ, ड्रोन से हुई निगरानी

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम जगतरा में शुक्रवार को एक रोमांचक और तनावपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन देखने को मिला, जहां एक तेंदुआ खेत में बने गहरे कुएं में गिर गया। कुएं में पानी अधिक होने के कारण तेंदुआ करीब छह घंटे तक पाइप को दांतों से पकड़कर जान बचाने की कोशिश करता रहा। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और हाईवोल्टेज रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम जगतरा में किसान के खेत में बने लगभग 10 फीट गहरे कुएं में अचानक तेंदुआ गिर गया। कुएं में काफी पानी भरा होने की वजह से तेंदुआ डूबने से बचने के लिए अंदर लगे पाइप को दांतों और पंजों से पकड़कर लटका रहा। ग्रामीणों ने जब कुएं से आवाजें सुनीं तो मौके पर पहुंचकर तेंदुए को देखा और तुरंत वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए। अधिकारियों ने भीड़ को दूर रखने के लिए सुरक्षा घेरा बनाया ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में कोई बाधा न आए।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कुएं में पानी अधिक होने के कारण तेंदुए को ट्रैंकुलाइज करना जोखिम भरा था। बेहोशी की हालत में तेंदुआ पानी में डूब सकता था। ऐसे में बिना ट्रैंकुलाइज किए सुरक्षित रेस्क्यू की योजना बनाई गई।

रेस्क्यू टीम ने जेसीबी मशीन और खाट की मदद से तेंदुए को बाहर निकालने की रणनीति तैयार की। कई घंटों की मशक्कत के बाद तेंदुए को कुएं से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि बाहर आते ही तेंदुआ घबराहट में तेजी से गांव की ओर भाग निकला।

तेंदुए को अपनी ओर आता देख गांव में अफरा-तफरी मच गई। कई ग्रामीण डर के कारण इधर-उधर भागने लगे, जबकि कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए पास के तालाब में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद पुलिस और वन विभाग की टीम ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

घटना के बाद तेंदुआ खेतों के बीच जाकर छिप गया। वन विभाग ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और ड्रोन कैमरों की मदद से लगातार उसकी निगरानी शुरू की। देर रात ड्रोन फुटेज में तेंदुआ एक खेत में आराम करता नजर आया। कुछ समय बाद वह खेतों से निकलकर जंगल की दिशा में चला गया।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय अकेले खेतों की ओर न जाएं और किसी भी जंगली जानवर की गतिविधि दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना दें। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर इलाके में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।

Related Articles

Back to top button