Chhattisgarh

कोरबा में डायल 112 सेवा के 9 वाहन खराब, शेष वाहनों पर बढ़ा दबाव

कोरबा। जिले में आपातकालीन सहायता के लिए संचालित डायल 112 सेवा इन दिनों प्रभावित हो रही है। जिले को आवंटित कुल 21 वाहनों में से 9 वाहन मेंटेनेंस के अभाव में खराब पड़े हैं, जिसके कारण आपातकालीन सेवाओं की प्रतिक्रिया समय पर असर पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार खराब पड़े वाहनों को मरम्मत के लिए गैराज और पुलिस लाइन की वाहन शाखा में भेजा गया है। वाहनों की कमी के कारण शेष 12 गाड़ियों पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। ऐसे में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली कॉल पर कई बार 112 की टीम को मौके पर पहुंचने में देरी भी हो रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि डायल 112 सेवा का संचालन ‘जीवीके’ (GVK) कंपनी के माध्यम से किया जा रहा है। वर्तमान में खराब वाहनों पर तैनात पुलिसकर्मियों को अस्थायी रूप से उनके संबंधित थाना और चौकियों में ड्यूटी दी गई है, जबकि चालक, जो कंपनी के कर्मचारी हैं, अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि जीवीके कंपनी ने कुछ महीने पहले ही जिले में 112 सेवा का संचालन संभाला है। इससे पहले यह जिम्मेदारी एबीपी ट्रैवल्स एंड फैसिलिटी मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के पास थी, जिसका टेंडर समाप्त हो चुका है।

इधर पूर्व कंपनी के कर्मचारियों ने अपनी सुरक्षा निधि 12 हजार रुपये वापस दिलाने और अन्य लंबित मांगों को पूरा कराने के लिए पत्राचार किया है। वहीं वर्तमान में कार्यरत 112 के चालकों को भी जनवरी माह का आधा तथा फरवरी माह का पूरा वेतन अब तक नहीं मिला है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मचारियों ने पहले भी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अब तक इस संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं हो पाया है।

Related Articles

Back to top button