Chhattisgarh

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महतारी वंदन सम्मेलन आयोजित, 68.49 लाख महिलाओं के खातों में 641.5 करोड़ रुपये की 25वीं किस्त जारी

कोरबा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर टीपी नगर स्थित ऑडिटोरियम में महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में माताएं, बहनें और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्हें महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर से वर्चुअली प्रदेश की 68.49 लाख माताओं और बहनों के खातों में महतारी वंदन योजना की 25वीं किस्त के रूप में 641.5 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की। इस अवसर पर सभी हितग्राही महिलाओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

सम्मेलन में महतारी वंदन योजना से लाभान्वित महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि इस योजना से उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूती मिली है। महिलाओं ने कहा कि इस सहायता से वे परिवार की जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कोरबा जिले की 279 ग्राम पंचायतों और तीन नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त घोषित किया गया। इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह के खिलाफ जागरूक रहने और समाज से इस कुप्रथा को खत्म करने के लिए शपथ भी दिलाई गई।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत, नगर निगम सभापति नूतन ठाकुर, भाजपा जिला महामंत्री संजय शर्मा, पार्षद नरेंद्र देवांगन, प्रीति शर्मा, मथुरा चंद्रा, उर्वशी राठौर, भानुमति जायसवाल, धनश्री साहू, लक्ष्मण श्रीवास, पंकज देवांगन, युगल कैवर्त, मुकुंद कंवर और राम कुमार साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, सरपंच तथा महिला स्व सहायता समूहों की सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ सम्मेलन का समापन हुआ।

Related Articles

Back to top button