बेमेतरा-कवर्धा NH-30 पर भीषण सड़क हादसा: ट्रक और एंबुलेंस की आमने-सामने टक्कर, दो लोगों की मौत

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में बेमेतरा-कवर्धा नेशनल हाईवे-30 पर मंगलवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कन्हेरा गांव के पास ट्रक और एंबुलेंस की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एंबुलेंस सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की जिला अस्पताल बेमेतरा में उपचार के दौरान मौत हुई। घटना खंडसरा चौकी क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस क्रमांक CG 04 PR 4622 रायपुर के एक निजी अस्पताल से संबंधित बताई जा रही है। बताया गया है कि एंबुलेंस कवर्धा क्षेत्र के एक गांव में शव छोड़ने गई थी। वहां से वापस रायपुर लौटते समय कन्हेरा गांव के पास सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। ट्रक तिल्दा से चावल खाली करने के बाद कवर्धा की ओर जा रहा था।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही खंडसरा चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
दुर्घटना में एंबुलेंस सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे व्यक्ति को गंभीर हालत में जिला अस्पताल बेमेतरा भेजा गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। उपचार के दौरान दूसरे व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या दो हो गई।
पुलिस के मुताबिक दोनों मृतक एंबुलेंस से जुड़े बताए जा रहे हैं। हालांकि अभी तक दोनों की आधिकारिक पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों से संपर्क करने के साथ दस्तावेजों और अन्य माध्यमों से मृतकों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी है।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। मौके का निरीक्षण कर पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए हैं।
खंडसरा चौकी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों, दोनों वाहनों की स्थिति और टक्कर की दिशा की जांच कर रही है। दुर्घटना तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।




