Chhattisgarh

धमतरी में 32 गोवंश तस्करों के कब्जे से मुक्त, ओडिशा ले जा रहे तीन आरोपी गिरफ्तार

धमतरी, 30 सितम्बर। जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मेचका पुलिस ने 32 गोवंश को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है। पुलिस ने जंगल के रास्ते इन मवेशियों को ओडिशा के नवरंगपुर क्षेत्र की ओर ले जा रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मवेशियों को बिना पर्याप्त चारा-पानी दिए लाठी-डंडों से हांककर ले जाया जा रहा था।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देश पर जिले में अवैध तस्करी और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मेचका पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी संख्या में मवेशियों को ग्राम अरसीकन्हार से खालगढ़ मार्ग होते हुए जंगल के रास्ते नवरंगपुर, ओडिशा की ओर ले जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अरसीकन्हार-खालगढ़ मार्ग पर नहर से करीब 500 मीटर आगे जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने तीन व्यक्तियों को बड़ी संख्या में गोवंश को हांकते हुए पकड़ लिया। मौके पर की गई कार्रवाई और पूछताछ के बाद आरोपियों के कब्जे से कुल 32 गोवंश बरामद किए गए, जिन्हें सुरक्षित संरक्षण में लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान घनश्याम सेन (40), पिता रामलाल सेन, निवासी ग्राम जोबा, थाना सिटी कोतवाली, जिला गरियाबंद, देवशरण (52), पिता रामलाल गाड़ा, निवासी ग्राम केराबाहरा, थाना सिटी कोतवाली, जिला गरियाबंद और ओंकार ठाकुर (32), पिता लखेश्वर ठाकुर, निवासी ग्राम जोबा, थाना सिटी कोतवाली, जिला गरियाबंद के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार बरामद 32 गोवंश की अनुमानित बाजार कीमत करीब 82 हजार रुपये है। इनमें 13 गाय, 6 बछड़े, 12 छोटे बच्चे (बछिया/बछड़े) और एक बैल शामिल है।

मामले में प्रार्थी की लिखित शिकायत और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर मेचका थाने में अपराध क्रमांक 08/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(d) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया जारी है। धमतरी पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध पशु तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button