Chhattisgarh

दहेज प्रताड़ना से तंग नवविवाहिता ने लगाई फांसी, पति और सास-ससुर गिरफ्तार

रायगढ़, 07 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दहेज प्रताड़ना से परेशान एक नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भूपदेवपुर पुलिस ने मृतिका के पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोप है कि शादी के बाद से ही तीनों दहेज में मोटरसाइकिल और कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की मांग करते हुए महिला को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, ग्राम जैमुड़ा निवासी नीता पटेल (34 वर्ष) का विवाह करीब तीन वर्ष पहले राकेश पटेल के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। शादी के लगभग एक वर्ष बाद से ही पति राकेश पटेल, सास शांति बाई पटेल और ससुर बंधुराम पटेल कम दहेज लाने तथा मोटरसाइकिल नहीं मिलने की बात कहकर विवाद और मारपीट करने लगे थे। आरोपियों ने करीब चार-पांच महीने पहले कार खरीदने के लिए दो लाख रुपये की मांग भी की थी। इस बात को लेकर महिला के साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई थी।

लगातार दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर 19 अक्टूबर 2026 की दोपहर नीता पटेल ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नवविवाहिता की मृत्यु होने के कारण कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कराई गई और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण फांसी लगाना बताया गया। मर्ग जांच के दौरान मायके पक्ष के परिजनों के बयान में दहेज की मांग को लेकर लगातार शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना किए जाने की बात सामने आई।

जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर थाना भूपदेवपुर में 4 नवंबर 2026 को अपराध क्रमांक 140/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 80 और 3(5) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव ने आगे की जांच और कार्रवाई की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 7 नवंबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

ये तीन आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में राकेश पटेल (34 वर्ष), उसके पिता बंधुराम पटेल (56 वर्ष) और मां शांति बाई पटेल (52 वर्ष) शामिल हैं। तीनों ग्राम जैमुड़ा, थाना भूपदेवपुर, जिला रायगढ़ के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के नेतृत्व में की गई। इसमें TI निरीक्षक रोशन कौशिक, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव और पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध और दहेज प्रताड़ना के मामलों में रायगढ़ पुलिस संवेदनशीलता एवं गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button