Chhattisgarh

राज्य शासन की डिजिटल समावेशन की सोच को मिला बल, सहसपानी में बीएसएनएल का 4जी टावर ऑन एयर

  • कलेक्टर  के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन कर रहा था नियमित समीक्षा; दूरस्थ क्षेत्र के ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर नेटवर्क सुविधा

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 7 नवंबर 2026। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप दूरस्थ अंचलों तक संचार और डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में सहसपानी गांव में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। बीएसएनएल के 4जी सैचुरेशन प्रोजेक्ट के अंतर्गत स्थापित मोबाइल टावर से आज सुबह 11:15 बजे 4जी सिग्नल प्रसारित होना शुरू हो गया। टावर के ऑन एयर होने से सहसपानी और आसपास के क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क सुविधा का विस्तार होगा। लंबे समय से बेहतर नेटवर्क की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों में इसे लेकर खुशी और उत्साह है।

सहसपानी का क्षेत्र पहाड़ियों से घिरा है और आसपास अभयारण्य होने के कारण यहां नेटवर्क सुविधा पहुंचाने तथा आवश्यक तकनीकी कार्य पूरा करने में कई चुनौतियां आईं। बीएसएनएल सारंगढ़ के एसडीओ संजय कुमार साहू ने बताया कि परियोजना के विभिन्न चरणों में कठिनाइयों के बावजूद बीएसएनएल टीम ने प्रयास जारी रखे। आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज टावर को सफलतापूर्वक ऑन एयर किया गया।

दूरस्थ और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक क्षेत्रों में संचार सुविधा उपलब्ध कराने के कार्यों की जिला प्रशासन द्वारा नियमित समीक्षा की जा रही है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिले के ऐसे क्षेत्रों तक नेटवर्क पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जहां भौगोलिक परिस्थितियों के कारण कनेक्टिविटी स्थापित करना कठिन है। सहसपानी में 4जी टावर का चालू होना राज्य शासन की डिजिटल समावेशन और ग्रामीण क्षेत्रों तक सेवाएं पहुंचाने की सोच को जमीन पर साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

बेहतर मोबाइल नेटवर्क से ग्रामीणों को इंटरनेट आधारित सेवाओं का उपयोग करने में सुविधा मिलेगी। महतारी वंदन योजना, पेंशन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने, ऑनलाइन आवेदन एवं आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने में नेटवर्क सहायक होगा। बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल भुगतान और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण से संबंधित सुविधाओं तक पहुंच भी आसान हो सकेगी। इससे शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों को सेवाओं से जुड़ने में सहूलियत मिलेगी तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समयबद्धता को बढ़ावा मिलेगा।

साहू ने बताया कि टावर चालू होने की सूचना से सहसपानी के लोगों में प्रसन्नता है। उन्होंने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और कार्य के दौरान आई चुनौतियों के बावजूद लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार प्रयासरत बीएसएनएल सारंगढ़ टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। सहसपानी में 4जी सेवा शुरू होना ग्रामीणों को बेहतर संचार सुविधा और डिजिटल सेवाओं से जोड़ने की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि है।

Related Articles

Back to top button