बलौदाबाजार में भीषण सड़क हादसा : कोयले से भरे ट्रक ने बाइक सवार पिता और दो बच्चों को कुचला, तीनों की मौत, चालक गिरफ्तार

बलौदाबाजार, 07 नवंबर 2026 । छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। ग्राम रवान के पास कोयले से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार पिता और उनके 12 वर्षीय बेटे व 14 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 6 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे बलौदाबाजार-भाटापारा मार्ग पर ग्राम रवान के पास हुई। ग्राम खैरताल निवासी रामचंद्र ध्रुव (39 वर्ष) अपने बेटे तोमेश ध्रुव (12 वर्ष) और बेटी हारिका ध्रुव (14 वर्ष) के साथ मोटरसाइकिल क्रमांक MP 18 M 1744 से जा रहे थे। इसी दौरान कोयले से भरा ट्रक क्रमांक CG 08 AX 6011 का चालक तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों ट्रक के पहियों के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मर्ग जांच शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक संतोष कुमार चन्द्रवंशी (26 वर्ष), पिता राजकुमार, निवासी ग्राम पाण्डेय पट्टी, थाना धोला, जिला बक्सर (बिहार), वर्तमान निवासी घासीदास नगर, जामुल भिलाई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी से घटना के संबंध में जानकारी ली गई। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त कोयले से भरा ट्रक और आरोपी का ड्राइविंग लाइसेंस भी जब्त किया है।
इस मामले में थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार में अपराध क्रमांक 926/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।




