दीपावली पर शहीद जवानों के परिवारों के बीच पहुंची बलौदाबाजार पुलिस, बांटी खुशियां और दी शुभकामनाएं

बलौदाबाजार, 07 नवंबर 2026। दीपावली के पावन पर्व पर बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने संवेदनशील पहल करते हुए देश और समाज की सुरक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीद जवानों के परिजनों के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। पुलिस टीमों ने शहीद जवानों के घर पहुंचकर उनके परिवारों का कुशलक्षेम जाना और दीपावली की आत्मीय शुभकामनाएं दीं।
SP गौरव राय (IPS) के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में 7 नवंबर 2026 को जिले के विभिन्न थाना और चौकी की पुलिस टीमों ने शहीद जवानों के गृहग्राम पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उन्हें सम्मानपूर्वक दीपावली की बधाई दी।
इसी कड़ी में थाना पलारी की पुलिस टीम शहीद उप निरीक्षक युगल किशोर वर्मा के पलारी स्थित निवास पहुंची। यहां पुलिसकर्मियों ने उनकी माताजी एवं परिजनों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। साथ ही श्रीफल और मिठाई भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

वहीं, पुलिस चौकी करही बाजार की टीम ग्राम लच्छनपुर स्थित शहीद आरक्षक हीरालाल गायकवाड़ के घर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने उनके परिजनों का कुशलक्षेम जाना और श्रीफल, मिठाई के साथ बच्चों के लिए पटाखे भेंट किए। इस आत्मीय पहल से परिवार के सदस्यों के बीच त्योहार का उत्साह बढ़ा।
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि कर्तव्य निर्वहन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के परिवार कभी अकेले नहीं हैं। पूरा पुलिस विभाग उनके सुख-दुख में एक परिवार की तरह हमेशा साथ खड़ा है। पुलिस की इस संवेदनशील पहल की सराहना की जा रही है।




