Chhattisgarh

Janjgir Champa Crime : 13.40 लाख रुपये के गांजा तस्करी मामले में फरार आरोपी ओडिशा से गिरफ्तार

  • 26.8 किलोग्राम गांजा किया गया था जब्त, बिर्रा पुलिस ने एंड-टू-एंड विवेचना के तहत की कार्रवाई

जांजगीर-चांपा, 04 नवंबर 2026। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में बिर्रा पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर तस्करी के लिए गांजा उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कार और मोटरसाइकिल के माध्यम से गांजा लेकर चांपा की ओर परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर TI निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम बसंतपुर में महानदी किनारे घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ा था। इस दौरान पुलिस ने 26.8 किलोग्राम गांजा बरामद किया था, जिसकी अनुमानित कीमत 13 लाख 40 हजार रुपये बताई गई थी।

मामले की पूछताछ और विवेचना के दौरान गांजा उपलब्ध कराने में ओडिशा निवासी नारायण राणा (27 वर्ष), पिता लक्ष्मण राणा की संलिप्तता सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। एंड-टू-एंड विवेचना के तहत बिर्रा पुलिस ने आरोपी को ओडिशा स्थित उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ थाना बिर्रा में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में थाना बिर्रा एवं पुलिस सहायता केंद्र करही के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button