रायगढ़ में 1.10 करोड़ से अधिक की ठगी का खुलासा: वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली के नाम पर लोगों को बनाया शिकार, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

रायगढ़, 24 जुलाई 2026। रायगढ़ पुलिस ने वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली की आड़ में एक करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी कृष्ण कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया है। तमनार थाना पुलिस की कार्रवाई में आरोपी के कब्जे से धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई करीब 20 लाख रुपये मूल्य की एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो भी जब्त की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान अब तक 10 से 15 पीड़ितों से करोड़ों रुपये की ठगी की पुष्टि हो चुकी है और शिकायतों का सिलसिला अभी भी जारी है।
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में तमनार पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ जब रायगढ़ निवासी सद्दाम हुसैन और उनके साथी सुरेश मानिकपुरी ने थाना तमनार में लिखित शिकायत दर्ज कराई। दोनों ने आरोप लगाया कि ग्राम पड़िगांव निवासी कृष्ण कुमार साहू ने वाहन खरीदी-बिक्री के कारोबार में निवेश और मुनाफे का लालच देकर उनसे लाखों रुपये लिए। बाद में रकम वापस मांगने पर आरोपी ने जमीन बेचकर भुगतान करने का झांसा दिया और इसी बहाने उनसे और पैसे ले लिए।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने अपनी जमीन का सौदा भी किया, लेकिन बाद में पता चला कि उसी भूमि की रजिस्ट्री किसी अन्य महिला के नाम कर दी गई। इस तरह आरोपी ने सद्दाम हुसैन से 22 लाख रुपये और सुरेश मानिकपुरी से 22 लाख 40 हजार रुपये, कुल 44 लाख 40 हजार रुपये नगद और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से लेकर धोखाधड़ी की।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू, मनोज सारथी समेत कई अन्य लोगों को भी वाहन खरीदी-बिक्री के नाम पर लाखों रुपये का चूना लगाया। अब तक की जांच में 10 से 15 लोगों से करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी की पुष्टि हो चुकी है। पुलिस का अनुमान है कि पीड़ितों की संख्या और बढ़ सकती है।
मामले में थाना तमनार में अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने आरोपी कृष्ण कुमार साहू (38 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो वाहन जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, आर्थिक लेन-देन, चल-अचल संपत्तियों और अन्य संभावित पीड़ितों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ ठगी की राशि और पीड़ितों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक युगल यादव, सहायक उपनिरीक्षक सुरति लाल सिदार तथा तमनार थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस आर्थिक अपराधों और धोखाधड़ी के मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। ऐसे अपराधों से अर्जित अवैध संपत्तियों पर भी पुलिस की पैनी नजर है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।




