आर.एन. इंग्लिश स्कूल में पोएम रेसिटेशन प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने प्रस्तुत की मनमोहक कविताएं

कोरबा । आर.एन. इंग्लिश स्कूल, दीपका में विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं अभिव्यक्ति कौशल को निखारने के उद्देश्य से पोएम रेसिटेशन प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास और शानदार अभिव्यक्ति के साथ कविताओं का पाठ कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि अभिषेक सिंह एवं जितेश सिंह तथा विद्यालय की प्राचार्या रेनू तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया। इसके पश्चात विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंट कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आर.एन. इंग्लिश स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। विद्यालय में बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखा जाता, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। पढ़ाई के साथ-साथ खेल, गायन, नृत्य, संगीत एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जाता है।
पोएम रेसिटेशन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अलग-अलग कविताओं का प्रभावशाली अंदाज में पाठ किया। बच्चों की आत्मविश्वासपूर्ण एवं मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यालय की शिक्षिकाएं तारा तंवर एवं संतोषी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में अनीता पंकज, शिमला यादव, मीरा बरेठ, जाबेदा बेगम, संध्या, महिमा, अंजलि, प्रियंका सम्मादर सहित विद्यालय की मेट्रन हेमलता साहू का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
विद्यालय की प्राचार्या रेनू तिवारी ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग देने वाले अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को सामने लाने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेता प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी उत्साह एवं आत्मविश्वास के साथ विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।



