छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ देश का पहला 21 CuM इलेक्ट्रिक शॉवेल

एसईसीएल की गेवरा मेगा परियोजना में अत्याधुनिक मशीन का शुभारंभ
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की गेवरा मेगा परियोजना में देश के पहले 21 CuM क्षमता वाले इलेक्ट्रो-हाइड्रोलिक फेस शॉवेल का शुभारंभ किया गया। एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) हरीश दुहन ने शनिवार को अत्याधुनिक मशीन का लोकार्पण किया। गेवरा एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदान है।

नई तकनीक से लैस यह मशीन गेवरा परियोजना में कोयला उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ ही खनन कार्यों को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और दक्ष बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर एसईसीएल के निदेशक (तकनीकी, योजना एवं परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र भी उपस्थित रहे।

21 CuM क्षमता वाला यह इलेक्ट्रो-हाइड्रोलिक फेस शॉवेल कई आधुनिक सुरक्षा एवं सुविधा प्रणालियों से लैस है। इसमें 360 डिग्री कैमरा, ऑपरेटर फैटिग मॉनिटरिंग सिस्टम, एयर-सस्पेंशन सीट, एडजस्टेबल जॉयस्टिक, हाइड्रोलिक सीढ़ियां, गैस आधारित फायर सप्रेशन सिस्टम तथा FOPS मानक वाला सुरक्षित केबिन शामिल है।
मशीन को एसईसीएल के फ्लीट मैनेजमेंट सिस्टम (FMS) से भी जोड़ा गया है। इससे इसके संचालन और कार्यक्षमता की रियल-टाइम निगरानी की जा सकेगी। मशीन की वार्षिक उत्पादन क्षमता लगभग 5.31 मिलियन घनमीटर बताई गई है। इसके संचालन से उत्पादन, सुरक्षा और परिचालन दक्षता को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में एजीएम संजय मिश्रा सहित गेवरा परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




