अमोदा में अवैध महुआ शराब पर नवागढ़ पुलिस की छापेमारी, 5.5 लीटर शराब के साथ 20 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 30 सितम्बर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में नवागढ़ थाना पुलिस ने ग्राम अमोदा में छापेमार कार्रवाई करते हुए अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 5.5 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई। नवागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम अमोदा में दबिश दी। इस दौरान राहुल दास महंत (20), निवासी मातिन थाना बांगो, जिला कोरबा, हाल निवासी ग्राम अमोदा को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से अलग-अलग पन्नी पाउच में रखी 5.5 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की। पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस टीम द्वारा ग्रामीण और थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर नजर रखी जा रही है।
इस कार्रवाई में नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




