Chhattisgarh

रायगढ़ में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला: ओडिशा से बरामद हुई 17 वर्षीय किशोरी, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 30 सितम्बर । छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने अभियान संवेदना के तहत लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को ओडिशा के हिमगीर से बरामद किया है। मामले में चक्रधरनगर पुलिस ने आरोपी युवक मनीष सिदार उर्फ साहिल (19) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 को एक महिला ने चक्रधरनगर थाने में अपनी 17 वर्षीय बेटी के 13 अगस्त की शाम बिना बताए घर से चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 440/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को संदेही युवक के साथ नाबालिग के ओडिशा के हिमगीर में होने की जानकारी मिली। चक्रधरनगर पुलिस की टीम ने हिमगीर में दबिश दी, लेकिन आरोपी और बालिका मोबाइल बंद कर मकान बदलकर वहां से फरार हो गए थे। पुलिस ने लगातार पतासाजी जारी रखी और 2 सितंबर को हिमगीर, जिला सुंदरगढ़ स्थित एक किराये के मकान से नाबालिग को बरामद कर रायगढ़ लाया।

इसके बाद महिला पुलिस अधिकारी ने बालिका का कथन दर्ज किया। पीड़िता और गवाहों के कथनों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 87, 64(2)(M) बीएनएस और धारा 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी। बालिका की सीडब्ल्यूसी से काउंसलिंग कराने के साथ न्यायालय में भी उसका कथन कराया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बालिका को करीब चार वर्षों से जानता था और दोनों के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत होती थी। पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को आरोपी ने अपना मोबाइल फोन दोस्त के पास गिरवी रखकर 6 हजार रुपये लिए और अपनी एक्टिवा स्कूटी से बालिका को हिमगीर ले गया था। पुलिस की दबिश के बाद आरोपी ने ठिकाना बदल लिया था।

2 सितंबर को पुलिस टीम की तलाश के दौरान आरोपी अपनी एक्टिवा छोड़कर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG 13 AA 4590 को ओडिशा से बरामद कर जब्त कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी मनीष सिदार उर्फ साहिल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

नाबालिग की तलाश और आरोपी की गिरफ्तारी में महिला उप निरीक्षक मनीषा धुर्वे, उप निरीक्षक गेंदलाल साहू और पुलिस स्टाफ की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button