कुम्हारपारा आंगनबाड़ी केंद्र में सजा ‘आंगन मिलन’, गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार हुआ

नारायणपुर, 30 सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित किए जा रहे ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नगर पालिका क्षेत्र के कुम्हारपारा आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, महिलाओं, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से समुदाय का जुड़ाव बढ़ाने के साथ बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
रंगोली के जरिए दिया पोषण का संदेश
कुम्हारपारा आंगनबाड़ी केंद्र में आकर्षक रंगोली के माध्यम से बच्चों के संतुलित एवं पौष्टिक आहार और स्वास्थ्य से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए गए। रंगोली के जरिए अभिभावकों को बच्चों के खान-पान में पोषण के महत्व की जानकारी दी गई।
बच्चों से किया आत्मीय संवाद
कार्यक्रम में पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी के बच्चों से बातचीत कर उनका परिचय लिया और उनकी रुचियों व गतिविधियों के बारे में जाना। इस दौरान बच्चों के साथ आत्मीय संवाद से केंद्र में उत्साह और अपनत्व का माहौल बना। अभिभावकों को बताया गया कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल पूरक पोषण आहार वितरण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार
‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। गर्भवती महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और गर्भावस्था के दौरान आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। वहीं, शिशुओं के पूरक आहार की शुरुआत और बाल पोषण पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई गई।
योजनाओं और टीकाकरण की दी जानकारी
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने माताओं और अभिभावकों को टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। अभिभावकों से आंगनबाड़ी केंद्र की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील भी की गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य हीना नाग, पार्षद रमशिला नाग सहित सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाओं ने सहभागिता की। जनप्रतिनिधियों ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और कुपोषण मुक्त भविष्य के लिए परिवार, समाज और आंगनबाड़ी केंद्रों के सामूहिक प्रयास को जरूरी बताया। जिले के अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों में भी आगामी दिनों में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




