Chhattisgarh

Bilaspur Crime : हत्या के प्रयास के मामले में चार महीने से फरार आरोपी शिवा ठाकुर गिरफ्तार

बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में करीब चार महीने से फरार चल रहे आरोपी शिवा सिंह ठाकुर को कोनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को 12 अगस्त 2026 को ग्राम पौंसरा स्थित उसके निवास से घेराबंदी कर पकड़ा। इस मामले में एक अन्य आरोपी और आदतन गुंडा-बदमाश अर्जुन सिंह ठाकुर को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

मामला अपराध क्रमांक 205/2026 से संबंधित है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ धारा 109, 296, 115(2), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक 29 अप्रैल 2026 को करीब दोपहर 3 बजे दीपक भार्गव के साथ अर्जुन ठाकुर और शिवा ठाकुर ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की थी। आरोप है कि दोनों ने बीयर की बोतल और हाथ-मुक्के से हमला कर दीपक भार्गव को गंभीर चोट पहुंचाई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

घटना के बाद कोनी पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 18 मई 2026 को अर्जुन सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं शिवा ठाकुर लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

इसी दौरान 12 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि शिवा ठाकुर ग्राम पौंसरा स्थित अपने घर पर मौजूद है। सूचना मिलते ही कोनी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर फरार आरोपी शिवा सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवा सिंह ठाकुर, पिता मुन्ना सिंह ठाकुर, उम्र 33 वर्ष, निवासी ग्राम पौंसरा, थाना कोनी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष रिमांड के लिए पेश किया। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में हत्या, चाकूबाजी और अन्य गंभीर आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में कोनी पुलिस की इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

Related Articles

Back to top button