Chhattisgarh

जेएसडब्ल्यू कर्मचारियों की तरह भूविस्थापितों को भी मिले वार्षिक बोनस, समिति ने उठाई मांग

जांजगीर चांपा, 28 सितम्बर। जेएसडब्ल्यू प्लांट से जुड़े भूविस्थापित परिवारों को कर्मचारियों की तरह वर्ष में एक बार वार्षिक बोनस दिए जाने की मांग उठी है। भूविस्थापित जीवन निर्वाह भत्ता समिति के सचिव अविनाश सिंह ने इस संबंध में प्लांट प्रबंधन को लिखित आवेदन देकर दीपावली के अवसर पर उचित राशि बतौर वार्षिक बोनस प्रदान करने का आग्रह किया है।

समिति के अनुसार प्लांट के लिए भूमि देने वाले आठ भूविस्थापित गांवों के 624 लाभार्थी परिवारों को रोजगार के एवज में जीवन-यापन के लिए हर माह जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाता है। हालांकि, मासिक भत्ते के अतिरिक्त वर्षभर में लाभार्थियों को बोनस के रूप में कोई अतिरिक्त राशि नहीं मिलती है। समिति का कहना है कि प्लांट के सुचारू संचालन में भूविस्थापित परिवार और समिति लगातार यथासंभव सहयोग करते रहे हैं।

समिति ने बताया कि प्लांट प्रबंधन के आग्रह पर सदस्य अब हर छह महीने में जीवित प्रमाण पत्र जमा करने के लिए भी सहमत हो गए हैं। समिति की ओर से अपनी मांगें अब तक शांतिपूर्ण तरीके से प्रबंधन के समक्ष रखी जाती रही हैं।

सचिव अविनाश सिंह ने प्रबंधन से मांग की है कि इस वर्ष दीपावली पर प्लांट कर्मचारियों की तरह भूविस्थापित लाभार्थी परिवारों के लिए भी साल में एक बार वार्षिक बोनस की व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि प्रबंधन द्वारा उचित राशि निर्धारित कर बोनस दिए जाने से भूविस्थापित परिवारों में उपेक्षा या असंतोष की भावना कम होगी और उन्हें प्लांट के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में सम्मान और सहभागिता का एहसास होगा।

Related Articles

Back to top button