BIG NEWS: खुले सीवर में गिरा 4 साल का मासूम, तलाश में जुटी कई टीमें, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के नांगलोई इलाके में खुले सीवर में गिरकर चार साल का मासूम बच्चा लापता हो गया। घटना मंगलवार दोपहर करीब 3:21 बजे दास गार्डन इलाके में हुई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पुलिस समेत कई एजेंसियों की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
लापता बच्चे की पहचान इमरान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बच्चा अपनी मां के साथ था और इसी दौरान शौच जाने की बात कहने पर वह खुले सीवर में गिर गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया।
बच्चे के पिता ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, लेकिन अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि बच्चा सीवर लाइन में कहां फंसा हुआ है। परिवार के लोग बच्चे की सलामती की उम्मीद लगाए हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शी पड़ोसी आकाश के मुताबिक, बच्चा अपने पिता को ढूंढ रहा था। पिता नहीं मिलने पर उसकी मां उसे अपने साथ ले जा रही थी। इसी दौरान बच्चे ने शौच जाने की बात कही और वह खुले सीवर में गिर गया। पास में मौजूद 8-9 साल के एक बच्चे ने दौड़कर परिवार को इसकी जानकारी दी कि उसका भाई सीवर में गिर गया है।
खुले सीवर को लेकर प्रशासन पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में खुले पड़े सीवरों को लेकर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कई सीवर खुले हुए हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय निवासियों ने सवाल उठाया कि सीवर को ढकने और उनकी नियमित देखरेख की जिम्मेदारी किसकी है। उनका कहना है कि यदि सीवर का ढक्कन लगा होता तो मासूम इस हादसे का शिकार नहीं होता।
फिलहाल पुलिस और बचाव दल बच्चे की तलाश में जुटे हुए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और परिवार समेत पूरे इलाके के लोग मासूम के सुरक्षित मिलने की दुआ कर रहे हैं।





