National

PM मोदी ने देशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं, वीडियो संदेश जारी कर बताया जवानों के साथ मनाएंगे त्योहार…

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली के पावन अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। दीपावली की पूर्व संध्या पर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो संदेश जारी कर सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रकाश का यह पर्व अंधकार के खिलाफ हमारे संकल्प का प्रतीक है।

अपने वीडियो संदेश की शुरुआत ‘नमस्ते’ से करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दीपावली के अवसर पर पूरा देश रोशनी से जगमगा रहा है। उन्होंने देशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि यह पर्व और आने वाला समय सभी के लिए सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आए।

पीएम मोदी ने यह भी बताया कि वह हर साल की तरह इस बार भी देश के वीर जवानों के बीच दीपावली मनाएंगे। उन्होंने कहा कि जवानों के साथ त्योहार मनाना उनका हर वर्ष का नियमित क्रम रहा है और इस बार भी यह परंपरा जारी रहेगी।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए इसकी जानकारी दी।

वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित 10वें दीपोत्सव में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का स्वागत किया। इस अवसर पर विभिन्न देशों के राजदूत, उच्चायुक्त और राजनयिक भी मौजूद रहे। सरयू नदी के तट पर 30 लाख से अधिक मिट्टी के दीपक जलाने का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे अंधकार पर सत्य और धर्म की शाश्वत विजय का प्रतीक बताया।

Related Articles

Back to top button