अकलतरा पुलिस की रेड में 40 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद, 30 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अकलतरा पुलिस ने ग्राम बरगवां में कार्रवाई करते हुए 40 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से भोला भारद्वाज (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कीमत 10 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बरगवां निवासी भोला भारद्वाज अपने घर में अवैध रूप से महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर आरोपी अपने घर में मौजूद मिला। घर की तलाशी लेने पर एक सफेद प्लास्टिक बोरी के अंदर पांच पीले रंग की प्लास्टिक पन्नियों में रखे कुल 200 पाउच महुआ शराब बरामद हुए। प्रत्येक पाउच में 200 मिलीलीटर शराब थी। इस तरह कुल 40 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
SP विजय पाण्डेय के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, संग्रहण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त SP डॉ. यूलेण्डन यार्क के मार्गदर्शन, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और TI निरीक्षक जय कुमार साहू के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक, इससे पहले भी अकलतरा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 और 13 में कार्रवाई करते हुए 184 लीटर तथा 104 लीटर अवैध शराब जब्त की जा चुकी है। इन कार्रवाइयों में अंग्रेजी और देसी शराब के साथ व्हिस्की व बीयर भी शामिल थीं।
इस कार्रवाई में TI निरीक्षक जय कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कश्यप, महिला प्रधान आरक्षक स्वाति गिरोलकर तथा आरक्षक महेन्द्र राज, शैलेन्द्र राठौर और राजेन्द्र कहरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।




