Chhattisgarh

मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना से जमुना बाई को मिले 20 हजार रुपये, बेटी के विवाह के लिए संजोकर रखी राशि

कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन की योजनाएं श्रमिक परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ उनके बच्चों के बेहतर भविष्य की उम्मीद भी मजबूत कर रही हैं। कोरबा जिले के खरमोरा निवासी जमुना बाई यादव को मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली है। उन्होंने इस राशि को अपनी बेटी के विवाह के लिए सुरक्षित रख लिया है।

जमुना बाई यादव एक श्रमिक परिवार से हैं। उनके पति रूपलाल यादव मिस्त्री का काम करते हैं। जमुना बाई का छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में मजदूर रेजा-कुली के रूप में पंजीयन है। उनका पंजीयन 24 सितंबर 2024 को हुआ था।

श्रम विभाग के माध्यम से उन्हें मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना की जानकारी मिली। इसके बाद योजना के तहत उनकी पहली संतान बेटी के लिए 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई। जमुना बाई ने इस राशि को खर्च करने के बजाय बेटी के विवाह के लिए सहेजकर रखने का निर्णय लिया। उनके लिए यह सहायता केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि बेटी के भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

जमुना बाई को महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है। उनका कहना है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से श्रमिक परिवारों को आर्थिक सहारा मिलता है। इससे परिवार की जरूरतें पूरी करने के साथ बच्चों के भविष्य के लिए बचत करना भी संभव हो पाता है।

जमुना बाई यादव ने आर्थिक सहायता के लिए श्रम विभाग, कोरबा और छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उनके अनुसार, योजनाओं से मिलने वाली मदद कठिन परिस्थितियों में परिवारों का भरोसा बढ़ाती है और भविष्य के सपनों को पूरा करने में सहायक बनती है।

Related Articles

Back to top button