Chhattisgarh

कोरबा: साइबर ठगी की रकम वापस दिलाने पुलिस और बैंक अधिकारियों की बैठक, लंबित अनुरोधों के जल्द निराकरण पर जोर

कोरबा, 9 अक्टूबर 2026। साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत दिलाने और ठगी की राशि वापस कराने की प्रक्रिया को तेज करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस एवं बैंक अधिकारियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। SP कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में बैंक खातों पर होल्ड लगाने, एआरएम-जीआरएम पोर्टल पर लंबित अनुरोधों के निराकरण और साइबर अपराधों से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

SP सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में साइबर थाना कोरबा द्वारा आयोजित बैठक में साइबर नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त SP नितीश कुमार ठाकुर तथा डीएसपी रजत कुमार नाग उपस्थित रहे। बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों और संबंधित अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान साइबर अपराधों से संबंधित मामलों में पुलिस और बैंकिंग संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

बैठक में साइबर ठगी की शिकायतों के त्वरित निराकरण, पीड़ितों की राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया को आसान बनाने तथा एआरएम और जीआरएम पोर्टल के इस्तेमाल के दौरान आने वाली तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक समस्याओं पर चर्चा हुई। साइबर ठगी के मामलों में संदिग्ध बैंक खातों पर होल्ड लगाने, अन्य राज्यों के बैंक खातों पर होल्ड के बाद जीआरएम पोर्टल पर आने वाली कठिनाइयों और लंबित अनुरोधों की स्थिति की समीक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रतिनिधियों से कहा कि साइबर ठगी के पीड़ितों को जल्द राहत दिलाने के लिए आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है। पोर्टल पर दर्ज अनुरोधों का शीघ्र निराकरण करने और ठगी की राशि की बरामदगी के बाद नियमानुसार पीड़ितों को वापस दिलाने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की गई।

बैठक में साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जन-जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। सभी बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपनी-अपनी शाखाओं में ग्राहकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। ग्राहकों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने, अनजान एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचने तथा फर्जी ऑनलाइन लोन और डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी से सतर्क रहने की जानकारी देने को कहा गया।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सावधानी बरतें और अपने बैंकिंग संबंधी पासवर्ड, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई फाइल या ऐप डाउनलोड न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर शिकायत करें।

Related Articles

Back to top button