रायपुर नगर निगम की समीक्षा में प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा सख्त, पीएम आवास और सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर जताई नाराजगी

रायपुर। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने शुक्रवार को रायपुर नगर निगम के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नागरिक सुविधाओं में सुधार, योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को कस्टमर की तरह मानकर उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना में लापरवाही, निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति और शहर की कमजोर सफाई व्यवस्था को लेकर उन्होंने अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की। लापरवाही बरतने वाले दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
सिविल लाइन स्थित नवीन विश्राम भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव ने रायपुर में इज ऑफ लिविंग और नागरिक केंद्रित प्रशासन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों को समय पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म और एयरलाइन कंपनियों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जिस तरह ग्राहक अपनी शिकायतों के त्वरित और विनम्र समाधान की अपेक्षा करता है, उसी तरह नगरीय प्रशासन को भी नागरिकों की जरूरतों और शिकायतों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा के दौरान अधिकारियों से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गरीबों के आवास निर्माण में घटिया गुणवत्ता और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान जोन-8 की जोन आयुक्त राजेश्वरी पटेल भी पीएम आवास योजना से जुड़े सवालों का जवाब नहीं दे पाईं। इस पर प्रमुख सचिव ने अधिकारियों को योजनाओं की पूरी जानकारी रखने और उनकी प्रगति में सुधार लाने की हिदायत दी।
शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भी प्रमुख सचिव ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को गंदगी की तस्वीरें दिखाते हुए सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही जोन आयुक्तों, उपायुक्तों और अपर आयुक्तों को प्रतिदिन सुबह निरीक्षण करने तथा मॉर्निंग विजिट की रिपोर्ट निर्धारित ग्रुप में साझा करने को कहा। स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों का उपयोग करने और व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने जोन आयुक्तों और अभियंताओं को कामकाज में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी और मुख्यालय स्तर पर भी परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए। अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
जेम पोर्टल पर निविदा प्रक्रिया में देरी के मामले में प्रभारी कार्यपालन अभियंता योगेश कड़ू को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के कार्यों में धीमी प्रगति पर अधीक्षण अभियंता इमरान खान को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
प्रमुख सचिव ने मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद और 15वें वित्त आयोग सहित विभिन्न निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक तिमाही में कार्यों की संतोषजनक प्रगति दिखाई देनी चाहिए। अधिकारियों और अभियंताओं को कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से काम करने को कहा।
रायपुर में निर्माणाधीन नए नालंदा परिसर की समीक्षा करते हुए उन्होंने पुराने परिसर की कमियों को दूर कर आधुनिक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नए भवन में दिव्यांगजनों की जरूरतों के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
जल और सीवेज प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए प्रमुख सचिव ने नगर निगम के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में बिजली की खपत कम करने के लिए ऊर्जा दक्ष तकनीकों को अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिक सेवाओं, दस्तावेज उपलब्ध कराने और राजस्व वसूली की प्रक्रिया में डिजिटल एवं आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ाने को कहा, ताकि नागरिकों को सेवाओं का लाभ आसानी से और समय पर मिल सके।
मिशन अमृत 2.0 के तहत रायपुर के शीतला तालाब के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य आगामी मार्च तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। प्रमुख सचिव ने तालाब के गहरीकरण, पिचिंग और पेवर ब्लॉक लगाने सहित सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने को कहा। इसके अलावा निदान-1100 के माध्यम से प्राप्त नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के संचालक नीलेश क्षीरसागर, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित विभागीय अधिकारी, अभियंता, अपर आयुक्त, उपायुक्त और सभी जोनों के आयुक्त उपस्थित रहे।




