Chhattisgarh

लाफा में नशा मुक्ति जागरूकता रैली, ग्रामीणों ने लिया नशामुक्त ग्राम बनाने का संकल्प

कोरबा, 29 सितंबर 2026। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने और गांव को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को विकासखंड पाली के ग्राम लाफा में नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की योजना DAWN (Drug Awareness and Wellness Navigation for a Drug-Free India) के तहत माननीय अध्यक्ष एवं सचिव के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। रैली में ग्रामीण महिलाओं, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वालंटियर्स ने सहभागिता की।

ग्राम लाफा में निकाली गई जागरूकता रैली में सरपंच, सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं अन्य ग्रामीण शामिल हुए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पैरा लीगल वालंटियर इंद्रजीत सिंह राठौर एवं प्रतीक्षा शर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा आबकारी विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा समाज कल्याण विभाग, कोरबा के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी रैली में सहभागिता की।

रैली के दौरान ग्रामीणों ने पूरे गांव का भ्रमण कर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान लोगों को शराब, तंबाकू एवं अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, आर्थिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं पैरा लीगल वालंटियर्स ने ग्रामीणों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को नशे की बुराई से बचाने के लिए प्रेरित किया।

ग्रामीणों को गांव में किसी भी प्रकार की मादक वस्तु के उत्पादन, विक्रय एवं वितरण पर रोक लगाने के लिए सामूहिक प्रयास करने की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि नशे की लत से व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार की आर्थिक स्थिति और सामाजिक वातावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामवासियों ने सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ली। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे। ग्रामीणों ने ग्राम लाफा को नशामुक्त गांव बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button