जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी करने वाले मुख्य आरोपी का पुलिस ने किया एनकाउंटर

जमुई। बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्रा के साथ हुई शर्मसार करने वाली घटना के मुख्य आरोपी नंदन यादव के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई है। पुलिस ने पहले आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसके बाद भागने की कोशिश करने पर उसके पैर में गोली मार दी गई। वर्तमान में आरोपी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
मड़वा पहाड़ी के पास हुई मुठभेड़ बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी करने वाले मुख्य आरोपी नंदन यादव का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी उसी मड़वा पहाड़ी के आसपास छिपा हुआ था जहां दोनों पीड़ित स्टूडेंट घूमने गए थे। पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की, इस दौरान उसने भागने का प्रयास किया जिसके बाद पुलिस के साथ उसकी मुठभेड़ हो गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नंदन के बाएं पैर में गोली मारी है। वायरल वीडियो में लाल गमछा पहने दिख रहा युवक ही मुख्य आरोपी नंदन यादव है। इस मामले में पुलिस अब तक कुल 6 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें तीन आरोपी 35 से 40 वर्ष की आयु के हैं जबकि तीन नाबालिग शामिल हैं।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर सुहिता अनुपम ने जानकारी दी कि नंदन यादव पुलिस हिरासत से बचकर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान हुई मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने इस जघन्य कांड में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने रामाशीष चौधरी नामक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है। वायरल वीडियो के आधार पर ही आरोपियों की पहचान कर यह सख्त कार्रवाई की गई है।
इस पूरे प्रकरण पर बिहार सरकार के मंत्री जमा खान ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि जो लोग इस तरह की आपराधिक घटनाओं को अंजाम देंगे, उनके साथ ऐसा ही सख्त सलूक किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बिहार है और यहां सुशासन की सरकार है। जैसे ही सरकार को इस घटना की सूचना मिली, तुरंत संज्ञान लिया गया और पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपियों को शिकंजे में ले लिया।
यह शर्मनाक घटना 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे की है। दोनों पीड़ित बच्चे 10वीं कक्षा के छात्र हैं। शनिवार को ट्यूशन के बाद दोनों जमुई स्थित मड़वा पहाड़ी घूमने गए थे। लौटते समय कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और बीच सड़क पर छात्रा के साथ छेड़खानी और अश्लील हरकतें कीं। साथ ही, उसके दोस्त के साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की गई। आरोपियों ने इस आपत्तिजनक हरकत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था, जिसके बाद से विपक्ष लगातार सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर निशाना साध रहा है।


