Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट, सभी जिलों में बदला रहेगा मौसम का मिजाज

रायपुर, 16 जून। छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम विभाग ने 16 और 17 जून के लिए प्रदेश के सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार ऐसा कोई जिला नहीं है जहां मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना हो।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के ऊपर एक सक्रिय मौसम प्रणाली बनी हुई है, जिसके कारण वातावरण में पर्याप्त नमी बनी हुई है। समुद्र तल पर एक मौसमी द्रोणिका (ट्रफ) पंजाब से हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार होते हुए गुजर रही है। वहीं निचले वायुमंडल में एक अन्य द्रोणिका पूर्वी बिहार से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक फैली हुई है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 जून को भी प्रदेश में मौसम का यही रुख बना रहेगा। कई जिलों में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। विभाग ने बताया कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। बादलों की आवाजाही और बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलीं और बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं।

प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान रायपुर के माना एयरपोर्ट में 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। राजधानी रायपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने तथा गरज-चमक और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button