Chhattisgarh

अकलतरा में गहराया पेयजल संकट, वार्डवासियों ने सौंपा ज्ञापन; समाधान नहीं होने पर घेराव की चेतावनी

अकलतरा। नगर पालिका परिषद अकलतरा के वार्ड क्रमांक 09, 10, 11, 17 एवं 18 के रहवासियों ने लगातार बनी हुई पेयजल समस्या को लेकर मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का निराकरण नहीं किया गया तो वे नगर पालिका कार्यालय का घेराव करने को मजबूर होंगे।

ज्ञापन में बताया गया है कि संबंधित वार्डों में लंबे समय से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। लोगों को पानी के लिए रातभर इंतजार करना पड़ रहा है। कई क्षेत्रों में रात 12 बजे के बाद से लेकर सुबह 5 बजे तक भी पर्याप्त जलापूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वार्डवासियों का कहना है कि पानी भरने के लिए उन्हें देर रात तक जागना पड़ता है। लगातार रातभर जागने के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी सामने आने लगी हैं। कई नागरिकों ने अस्वस्थ होने की शिकायत भी की है।

रहवासियों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा प्रतिदिन 3 से 4 घंटे जलापूर्ति किए जाने का दावा किया जाता है, लेकिन वास्तविकता यह है कि कई अंदरूनी गलियों और मोहल्लों तक पानी पहुंच ही नहीं रहा है। इससे कुछ क्षेत्रों में लोगों को पर्याप्त पानी मिल रहा है, जबकि कई परिवारों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से नागरिकों ने मांग की है कि नगर पालिका सभी गलियों और मोहल्लों में समान रूप से जलापूर्ति सुनिश्चित करे तथा समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए। उन्होंने कहा कि गर्मी और बढ़ती आबादी के बीच पेयजल संकट लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गया है।

वार्डवासियों ने इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर, क्षेत्रीय विधायक, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी है, ताकि समस्या का जल्द समाधान हो सके।

नागरिकों का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे। ऐसे में आने वाले दिनों में पेयजल संकट को लेकर नगर पालिका प्रशासन और वार्डवासियों के बीच टकराव की स्थिति बन सकती है।

Related Articles

Back to top button